Protest

Protest

देहरादून। मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 7 सितम्बर 2026 को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा रविवार को परेड ग्राउंड पहुंचीं और कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया।

कुमारी सैलजा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए पार्टी पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मंच, कार्यकर्ताओं के बैठने, भीड़ प्रबंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश प्रभारी को कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास घेराव को लेकर प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के देहरादून पहुंचने की संभावना है।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष राजीव महर्षि ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को लेकर संगठन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पार्टी सड़क से सदन तक आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने कहा कि 7 सितम्बर का कार्यक्रम कांग्रेस के जनसंघर्ष को नई मजबूती देगा।

कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश सहप्रभारी सुरेन्द्र शर्मा, सहप्रभारी मनोज यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव महर्षि, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र भंडारी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, राकेश राणा, कविन्द्र इष्टवाल, प्रदेश सचिव अमेन्द्र बिष्ट, राजेश चमोली, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *