Sahaspur Election 2027
देहरादून। विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। चुनावी तैयारियों को धार देते हुए विजयपाल सिंह बर्तवाल ने चन्द्रबनी व आसपास के क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। घर-घर और क्षेत्रवासियों के बीच पहुंचकर उन्होंने न केवल आत्मीय संवाद किया, बल्कि स्थानीय समस्याओं, विकास की जरूरतों और जनता की अपेक्षाओं को भी करीब से समझने का प्रयास किया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान बर्तवाल ने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि 2027 का चुनाव उनके लिए केवल राजनीतिक अवसर नहीं, बल्कि सहसपुर के विकास को नई दिशा देने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचना और जनता की आवाज को मजबूती से आगे ले जाना है।
सहसपुर विधानसभा में बर्तवाल के जनसंपर्क अभियान को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। सहसपुर में राजनीतिक समीकरणों के बीच लगातार बढ़ रही नेताओं की सक्रियता ने चुनावी चर्चाओं को भी गर्म कर दिया है। बर्तवाल का लगातार जनता के बीच पहुंचना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि उन्होंने 2027 के चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है।

श्री बर्तवाल ने कहा कि क्षेत्र के विकास की वास्तविक तस्वीर जनता के बीच जाकर ही समझी जा सकती है। सड़क, मूलभूत सुविधाओं, स्थानीय विकास और क्षेत्रवासियों की अन्य अपेक्षाओं को लेकर उन्होंने लोगों के सुझाव सुने और भरोसा दिलाया कि जनसमस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
जनसंपर्क के दौरान क्षेत्रवासियों की ओर से भी स्थानीय मुद्दों और विकास कार्यों को लेकर विभिन्न सुझाव सामने रखे गए। बर्तवाल ने कहा कि सहसपुर के भविष्य का फैसला जनता की आकांक्षाओं और क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता के सहयोग से सहसपुर को विकास की नई पहचान दिलाने के लिए मिलकर काम किया जाएगा।
