Film Festival
देहरादून। ग्राफिक एरा में युवाओं ने अपनी फिल्मों के जरिए संस्कृति के विविध रंगों, सामाजिक सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं को सिनेमाई अंदाज में बड़े पर्दे पर उतारा। इसके लिए इंटरनेशनल ओपन एयर फिल्म फेस्टिवल ‘हिमप्रवाह 3.0’ शुरू हो गया है।
आज ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में दो दिवसीय इंटरनेशनल ओपन एयर फिल्म फेस्टिवल हिमप्रवाह 3.0 के उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड के सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक श्री के.एस. चौहान ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से फिल्म निर्माण के पसंदीदा केंद्र के रूप में उभर रहा है। राज्य में फिल्म निर्माण को मिल रहा प्रोत्साहन न केवल फिल्म निर्माताओं को प्रोत्साहित कर रहा है, बल्कि स्थानीय कलाकारों और युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खोल रहा है। उन्होंने युवाओं से उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और अनकही कहानियों को मजबूत कंटेंट के रूप में प्रस्तुत कर फिल्म जगत में अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया।

यूनिवर्सिटी की कुलपति डा. तबस्सुम नक़वी ने कहा कि फिल्में रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम हैं, जो सीमाओं से परे जाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखती हैं।
ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के डायरेक्टर इंफ्रास्ट्रक्चर एवं डीआरसी चेयरमैन डा. सुभाष गुप्ता ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के विचारों और व्यक्तित्व को दिशा देती है, जबकि सिनेमा समाज की सोच और संवेदनाओं को प्रभावित करने की ताकत रखता है।
फिल्म फेस्टिवल में तुर्की, ओमान सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आई फिल्मों ने अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय सिनेमाई विविधता को एक मंच पर प्रस्तुत किया। फेस्टिवल में शौर्य तोमर की फिल्म समवन स्टिल लव यू, प्रज्ञा थपलियाल की फिल्म चौन, मयंक पाना की बियॉन्ड द एंड, अखिल धामन की द अदरली, कुश एलडी की मीरा, आदित्य की एमएक्स, जयना वालिया की इको, हीर रांझा और गीतांश कुमार की फिल्म तुंगनाथ: स्टोरीज फ्रॉम द हिमालयाज प्रदर्शित की जाएंगी। देर शाम खुले आसमान के नीचे बड़े पर्दे पर फिल्मों का आनंद लेते छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
फिल्मों के साथ-साथ हिमप्रवाह 3.0 में नृत्य, गायन और रैंप वॉक जैसी रंगारंग प्रस्तुतियों के जरिए उत्तराखंड की लोक संस्कृति, संगीत और युवाओं की प्रतिभा के विविध रंग मंच पर देखने को मिले। साथ ही ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र और जाने-माने शायर मुकुल शर्मा ने अपनी शानदार शायरी और दिल को छू लेने वाले शेरों से समां बांधा।
इस फिल्म फेस्टिवल का आयोजन ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के डिपार्टमेंट ऑफ मीडिया एंड मास कम्युनिकेशन ने उत्तराखंड फिल्म डेवलपमेंट काउंसिल और स्टाइलिंग पार्टनर लाइमलोड के सहयोग से किया। जूरी में अभिनेता कैलाश कंडवाल, फिल्म निर्माता एवं हिमफ्लिक्स के संस्थापक राहुल रावत और निर्देशक संतोष सिंह शामिल हुए। फिल्म फेस्टिवल में कुलसचिव डा. ज्योति छाबड़ा, डिपार्टमेंट हेड डा. अभिषेक कुमार सिंह के साथ डा. ताहा सिद्दकी, डा. हिमानी बिंजोला, डा. अंकिता उनियाल, संदीप भट्ट, गिरिजा शंकर सेमवाल, अस्मिता बडोनी, अमन दुबे, मयंक झिंकवन, मोहित नेगी, अनुपम ठकराल अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मयंक पाना और साक्षी भंडारी ने किया।

